एयर इंडिया के चार हजार कर्मचारियों ने बाहरी लोगों को बेच डाली अपनी फ्री एयर टिकटें, अब होगी वसूली
एयर इंडिया में एक नया फर्जीवाड़ा सामने आया है। सालभर में फ्री मिलने वाली 14 हवाई जहाज की टिकटों को सैकड़ों कर्मचारियों ने बाहरी लोगों को अपना रिश्तेदार बताकर बेच डाला।
NBT रिपोर्ट, नई दिल्लीः एयर इंडिया में एक नया फर्जीवाड़ा सामने आया है। सालभर में फ्री मिलने वाली 14 हवाई जहाज की टिकटों को सैकड़ों कर्मचारियों ने बाहरी लोगों को अपना रिश्तेदार बताकर बेच डाला। जांच में यह फर्जीवाड़ा सामने आने के बाद अब एयर इंडिया ऐसे फर्जीवाड़ा करने वाले अपने कर्मचारियों पर भारी पेनेल्टी लगाते हुए उनसे इसकी रिकवरी करेगी।
हर साल 14 फ्री एयर टिकट मिलती हैं
सूत्रों ने बताया कि एयर इंडिया में काम करने वाले कर्मचारियों को इंप्लाई लेजर ट्रैवल (ELT) पॉलिसी के तहत हर साल 14 फ्री एयर टिकट मिलती हैं। यह टिकट कर्मचारियों के खुद और उनके परिवार के लिए होती हैं। लेकिन जांच में सामने आया है कि कुल 24 हजार कर्मचारियों में से करीब चार हजार कर्मचारियों ने अपनी फ्री टिकटें अपने घर-परिवार में इस्तेमाल ना करके बाहरी लोगों को बेच दीं।
दस्तावेजों में फर्जीवाड़ा कर किया हेरफेर
एयर इंडिया कर्मचारियों ने इसके लिए दस्तावेजों में फर्जीवाड़ा करते हुए यह कारनामा किया जो की पिछले दिनों हुई जांच में पकड़ में आया। इसके बाद टाटा ग्रुप की कमान वाली एयर इंडिया ऐसे कर्मचारियों को रिकवरी नोटिस दे रही है। साथ ही इनके उपर भारी पेनेल्टी भी लगा रही है।
गोरखधंधा रोकने के लिए नियमों में बदलाव
इसके अलावा एयर इंडिया ने अपनी इस फ्री टिकट वाली स्कीम में भविष्य में गोरखधंधा रोकने के लिए नियमों में बदलाव भी किया है। जिसमें फ्री टिकट का इस्तेमाल करने वाले की पूरी डिटेल पहले ही सबूत के साथ बतानी होगी।
English 



























































































