March 16, 2026
#Entertainment

फलक नाज से प्रोडक्शन हाउस ने मांगी उनकी जन्म कुंडली तो भड़कीं, ठुकराया बड़े शो का ऑफर, सुनाई आपबीती

एक्ट्रेस फलक नाज ने एक प्रोडक्शन हाउस पर गुस्सा निकाला है और न्यूकमर्स को आगाह करने के लिए वीडियो शेयर किया है। फलक ने बताया कि प्रोडक्शन ने उन्हें सीरियल ऑफर करने से पहले उनकी जन्म कुंडली मांगी। एक्ट्रेस ने गुस्से में सीरियल ठुकरा दिया। देखिए वीडियो और जानिए वह क्या बोलीं:

टीवी एक्ट्रेस फलक नाज उस वक्त भड़क गईं, जब एक प्रोडक्शन हाउस ने उनसे उनकी जन्म कुंडली मांगी। प्रोडक्शन हाउस ने उन्हें एक बड़ा टीवी सीरियल ऑफर किया था। लेकिन फलक नाज ने सीरियल ठुकरा दिया और प्रोडक्शन हाउस को लताड़ते हुए एक वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किया है। इसमें फलक नाज ने बताया है कि कैसे क्या हुआ और किस तरह उन्होंने शो ठुकरा दिया। फलक नाज ने कहा कि उन्हें अभी भी बहुत गुस्सा आ रहा है, पर उन्होंने यह वीडियो उन लोगों के लिए शेयर किया है, जो एक्टिंग में आना चाहते हैं।

फलक नाज से मांगी गई जन्म कुंडली

फलक नाज हैरान हैं और गुस्सा रहा है कि प्रोडक्शन हाउस ने उन्हें सीरियल में रोल ऑफर करने से पहले उनकी कुंडली मांगी ताकि चेक कर सकें कि उनके हिसाब से सीरियल कैसा चलेगा। फलक ने कहा कि टैलेंट के बजाय कुंडली के आधार पर किसी को काम देना गलत है और वह इस इंडस्ट्री में 15 साल से सिर्फ अपने एक्टिंग टैलेंट, स्किल्स और क्राफ्ट की वजह से हैं।

फलक नाज ने वीडियो में बताई आपबीती, प्रोडक्शन हाउस को लताड़ा

फलक नाज ने प्रोडक्शन हाउस की आलोचना करते हुए अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर वीडियो शेयर किया। इसमें वह बोलीं, ‘ये वीडियो उन लोगों के लिए है, जो एक्टिंग में ट्राई करना चाहते हैं। आपके लिए यहां पर एक चमत्कारी चीज शुरू हुई है। पहले इंडस्ट्री के अंदर ऐसा होता था कि आपके टैलेंट को देखकर आपको काम दिया जाता था। आपकी एक्टिंग स्किल्स देखकर आपको काम दिया जाता था। फिर बीच में एक दौर आया था कि आपके इंस्टाग्राम के फॉलोअर्स को देखकर आपको काम दिया जाता था। अब एक नया दौर चालू हुआ है, और वो ये कि आपकी जन्म कुंडली देखकर आपको काम दिया जाएगा कि आपकी जन्म कुंडली के हिसाब से आपका शो कैसा जाएगा।

‘मुझसे कहा गया कि जन्म स्थान, जन्म तिथि और जन्म का समय भेज दो’

फलक नाज ने आगे बताया, ‘कल मुझे कॉल आया एक। मैं प्रोडक्शन हाउस का नाम नहीं लूंगी…न ज्यादा पुराना है और ना ज्यादा नया प्रोडक्शन हाउस है, और पहले इन लोगों ने ऐसी चीजें नहीं की थीं, और हाल ही शुरू किया है। मेरे जानने वाले ही हैं कास्टिंग वाले भी और क्रिएटिव्स भी। उन्होंने मुझे फोन किया और बोला कि ऐसे-ऐसे फ्लां-फ्लां शो आ रहा है। इस चैनल के लिए है और ये प्रोडक्शन हाउस है। और ये कैरेक्टर है। मैंने कहा कि बहुत बढ़िया। क्या करना है आगे? आमतौर पर एक्टर्स का यही होता है कि या तो लुक टेस्ट के लिए चले जाओ या मॉक के लिए चले जाओ या एक कोई रेफरेंस ऑडिशन दे दो, लेकिन मुझसे मांगा गया मेरी जन्म तिथि, जन्म स्थान और जन्म का समय… ये भेज दीजिए।’

‘आज तक टैलेंट, स्किल्स और क्राफ्ट से मुझे काम मिला है’

फलक नाज ने फिर बताया, ‘मैंने कहा कि क्या है ये? एक बहुत-बहुत हिट प्रोड्यूसर हैं। मैं नाम नहीं लूंगी, वैसे ही समझ जाओगे आप लोग। उनके यहां पर ऐसा होता है। पर सबकी अपनी-अपनी चॉइस है। करो ना, आप ये चीजें करो। उनके यहां पर ऐसा होता है कि पंडित को आपकी जन्म कुंडली दिखाकर आपको काम देती हैं। मैंने जिंदगी में उनके साथ काम नहीं किया और इसी वजह से नहीं किया क्योंकि मुझे इस चीज में पड़ना ही नहीं है। मुझे 14-15 साल हो चुके हैं इंडस्ट्री के अंदर, और आज तक अपने टैंलेंट की वजह से, एक्टिंग स्किल्स और अपने क्राफ्ट की वजह से मुझे काम मिला है। मुझे मेरी जन्म कुंडली की वजह से काम नहीं मिला। तो मैंने उनके साथ काम नहीं किया कि यार इस तरह से काम हो रहा है, तो मुझे इससे दूर रखो।’

फलक नाज का करियर और टीवी शोज

फलक नाज की बात करें, तो वह 15 साल से टीवी इंडस्ट्री का हिस्सा हैं। इतने लंबे करियर में उन्होंने कई टीवी शोज किए, जिनमें ‘रूप- मर्द का नया स्वरूप’, ‘ससुराल सिमर का’, ‘पंड्या स्टोर’, ‘लाल इश्क’, ‘विष या अमृत: सितारा’, ‘महाकाली: अंत ही आरंभ’, ‘राम सिया के-लव कुश’ जैसे नाम शामिल हैं। वह ‘बिग बॉस ओटीटी 2’ में भी नजर आई थीं। साल 2024 में फलक नाज ने फिल्म ‘छोटे नवाब’ में काम किया था।

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *