March 16, 2026
#Entertainment

अनुराग डोभाल की हालत हुई और नाजुक, अस्पताल से डिस्चार्ज के बाद दोबारा बिगड़ी तबीयत, सांस लेने में तकलीफ

अनुराग डोभाल की हालत एक बार फिर बिगड़ गई है और उन्हें दोबारा अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। अनुराग को अस्पताल से डिस्चार्ज के बाद देहरादून ले जाया जा रहा था और रास्ते में सांस लेने में तकलीफ होने लगी। अनुराग के मैनेजर ने यह अपडेट दिया और बताया कि वह जिंदगी के लिए लड़ रहे हैं।

पॉपुलर यूट्यूबर और ‘बिग बॉस’ के एक्स-कंटेस्टेंट अनुराग डोभाल पिछले कई दिनों से जिंदगी के लिए लड़ रहे हैं। 13 मार्च को अनुराग डोभाल की सेहत में थोड़ा सुधार दिखा था, जिसके बाद उन्हें अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया था, लेकिन अब उनकी तबीयत दोबारा बिगड़ गई और फिर से अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। अनुराग डोभाल के मैनेजर रोहित पांडे ने यह अपडेट दिया है और बताया कि जब उन्हें देहरादून ट्रांसफर किया जा रहा था, तो रास्ते में तबीयत खराब हो गई।

अनुराग डोभाल की फिर बिगड़ी हालत

हाल ही अनुराग के मैनेजर ने बताया था कि उनकी सेहत में सुधार हो रहा है और उन्होंने फैंस से अनुराग के लिए दुआ करने की अपील की थी। लेकिन अब अनुराग फिर से बुरे हाल में हैं। मैनेजर ने इंस्टाग्राम स्टोरी पर एक वीडियो भी शेयर किया है, जिसमें अनुराग डोभाल को एम्बुलेंस में अस्पताल ले जाया जा रहा और मुंह पर ऑक्सीजन लगी है।

देहरादून ले जाते समय बिगड़ी तबीयत, सांस लेने में तकलीफ

अनुराग डोभाल के मैनेजर ने बताया ने 15 मार्च को इंस्टाग्राम स्टोरी पर अपडेट देते हुए बताया कि जब अनुराग को देहरादून घर ले जाया जा रहा था, तो रास्ते में उन्हें सांस लेने में दिक्कत होने लगी। हालांकि, डॉक्टर ने यह कहते हुए अनुराग को अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया था कि उनकी हालत स्थिर है, लेकिन अचानक ही रास्ते में हालत बिगड़ गई।

स्थिर हालत के बाद किया था डिस्चार्ज, जिंदगी के लिए लड़ रहे

मैनेजर रोहित पांडे ने लिखा है, ‘कल अनुराग भाई की हालत स्थिर होने के बाद उन्हें अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया था और हम उन्हें देहरादून लेकर जा रहे थे। लेकिन दुर्भाग्य से ट्रांसफर के दौरान ही उनकी हालत बिगड़ गई। उन्हें सांस लेने में तकलीफ होने लगी। अब हम उन्हें नजदीकी अस्पताल लेकर जा रहे हैं, ताकि तुरंत इलाज हो सके। वह अभी अपनी जिंदगी के लिए लड़ रहे हैं।’

मां-बाप और भाई-बहन पर लगाए थे आरोप

मालूम हो कि कुछ दिन पहले अनुराग डोभाल ने एक व्लॉग में पैरेंट्स और भाई-बहन पर टॉर्चर के आरोप लगाए थे और कई खुलासे किए थे। साथ ही कहा था कि उन्हें कुछ भी होता है, तो इसके जिम्मेदार उनके मम्मी-पापा, भाई कलाम और बहन होंगे। हालांकि, बाद में वीडियो को उनके यूट्यूब चैनल से हटा दिया गया। सारा विवाद अनुराग डोभाल की इंटर-कास्ट मैरिज को लेकर हुआ।

अनुराग डोभाल ने की जान देने की कोशिश, फेफड़े डैमेज, हड्डियां टूटीं

इसके दो-तीन दिन बाद ही अनुराग ने इंस्टाग्राम पर लाइव स्ट्रीमिंग में तेज कार चलाते हुए जान देने की कोशिश की थी। उन्होंने गाड़ी डिवाइडर में ठोक दी। इस एक्सीडेंट में अनुराग डोभाल के दोनों कूल्हे की हड्डियां टूट गईं और कई जगह चोटें आईं। बाद में अनुराग के मैनेजर ने बताया कि उनके फेफड़े भी बुरी तरह डैमेज हो गए हैं और निमोनिया भी हो गया है, जिससे हालत नाजुक बनी हुई है।

अनुराग डोभाल को इन टीवी सेलेब्स ने किया सपोर्ट

अनुराग डोभाल वैसे तो सोशल मीडिया इनफ्लुएंसर और यूट्यूबर हैं, पर वह ‘बिग बॉस 17’ से चर्चा में आए थे। उन्हें लोग बाबू भैया और UK 07 राइडर के नाम से भी जानते हैं। अनुराग ने जब जान देने की कोशिश की, तो कई टीवी सेलेब्स उनके सपोर्ट में आए थे और फैंस से उनके लिए दुआ की अपील की थी। अली गोनी से लेकर अभिषेक कुमार, मुनव्वर फारूकी और प्रिंस नरूला तक ने अनुराग का सपोर्ट किया था।

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *