March 16, 2026
#Entertainment

डेविड धवन ने खूब की गोविंदा की तारीफ, उनके बचाव में बोले- वो लेट आता है तो क्या, काम करके जाता है

डेविड धवन हाल ही ‘द ग्रेट इंडियन कपिल शो 4’ के फिनाले एपिसोड में आए और गोविंदा की खूब तारीफ की। डेविड धवन ने गोविंदा के लेट आने पर भी बचाव किया और कहा कि आजकल कौन लेट नहीं आता? वो लेट आता है तो काम खत्म करके जाता है। फिर उन्होंने ‘पार्टनर’ का हैरान करने वाला वाकया बताया, तो सबने तालियां बजाईं।

‘द ग्रेट इंडियन कपिल शो’ के चौथे सीजन का ग्रैंड फिनाले 14 मार्च को था। इस एपिसोड में डेविड धवन और बेटे वरुण धवन मेहमान बनकर पहुंचे थे। पूरा एपिसोड बहुत मजेदार रहा। बाप-बेटे ने एक-दूसरे की निजी जिंदगी के किस्से तो सुनाए ही, फिल्मों के शूट के वाकये भी सुनाए, जिन्हें सुनकर सब हंसे। वहीं सुनील ग्रोवर ने दिवंगत एक्टर कादर खान की मिमिक्री कर सबको हैरान कर दिया। साथ ही कृष्णा अभिषेक, गोविंदा बनकर पहुंचे और डेविड धवन की खिंचाई करते नजर आए। इसी बीच डेविड धवन ने गोविंदा के बारे में बात की और उनके लेट आने के किस्सों पर एक्टर का बचाव किया। उन्होंने गोविंदा की जमकर तारीफ की।

मालूम हो कि 90 के दशक में डेविड धवन और गोविंदा की जोड़ी एक ब्लॉकबस्टर जोड़ी रही, जिसने लगातार कई सुपरहिट फिल्में दीं और सबको हैरान कर दिया था। हालांकि, फिर उनके बीच खटास आ गई और साथ काम करना बंद कर दिया। फिर ‘पार्टनर’ के वक्त डेविड धवन और गोविंदा की सुलह हो गई और साथ काम किया, पर बाद में फिर दूरियां आ गईं और फिर कभी साथ काम नहीं किया। डेविड धवन ने गोविंदा के साथ 17 ब्लॉकबस्टर फिल्में दी थीं।

डेविड धवन के लिए वरुण बोले- हर बात में ची ची भैया को याद करते हैं

डेविड धवन ने सलमान खान, संजय दत्त और गोविंदा के साथ काम करने का एक्सीपीरियंस शेयर किया और साथ ही ‘ची ची’ के सेट पर लेट आने की खबरों पर उनका पक्ष लिया। उन्होंने गोविंदा की एक्टिंग की तारीफ की। डेविड धवन ने कहा कि उन्होंने गोविंदा के साथ 17 ब्लॉकबस्टर दी हैं। उन्होंने जितने भी एक्टर्स के साथ काम किया है, उनमें गोविंदा उन्हें बेस्ट लगते हैं। इसी बीच वरुण धवन बोले, ‘अब जो भी सीन लिखा जाता है, उन्हें याद आती है ची ची भैया (गोविंदा) की। अगर ची ची यहां होते, तो वो इसे कैसे करते? तो मैं उनसे कहता हूं, लेकिन मुझे अपने दर्शकों के लिए परफॉर्म करना है, जो छोटे बच्चे हैं। इसलिए मुझे बहुत बड़ी चुनौती का सामना करना पड़ता है। वो हमेशा मुझसे कहते हैं, सलमान इसे ऐसे करते, ची ची ऐसे करता, अनिल ऐसे करता।’

वरुण धवन ने सुनाया पिता का ये किस्सा, हंसे सब

वरुण धवन ने फिर बताया कि आजकल के डायरेक्टर्स बहुत ही विनम्र तरीके से पेश आते हैं और सेट पर माहौल भी वैसा ही रहता है, लेकिन जब उनके पापा डेविड धवन काम करते हैं और कोई एक्टर खराब एक्टिंग करे या डायलॉग सही से न बोल पाए, तो वह उसे माइक पर बोल देते हैं कि अरे ठंडा एक्टर है। यह सुनकर सभी हंस पड़े।

गोविंदा के लेट आने पर किया बचाव, यह बोले डेविड धवन

फिर डेविड धवन ने परेश रावल, सतीश कौशिक, कादर खान, शक्ति कपूर और अनुपम खेर जैसे एक्टर्स की तारीफ की और कहा कि हीरो तो लाइनें भूल जाते हैं, लेकिन कैरेक्टर आर्टिस्ट एकदम कमाल के होते हैं। फिर उन्होंने गोविंदा के लेट आने पर उनका बचाव करते हुए कहा, ‘लोग बोलते हैं ना देर से आता है सेट पर, आज कौन नहीं लेट आता है? वो आता है, अपना काम खत्म कर के जाता है।’

डेविड धवन ने सुनाया ‘पार्टनर’ का गोविंदा का किस्सा

इसके बाद डेविड धवन ने फिल्म ‘पार्टनर’ से गोविंदा का एक किस्सा सुनाया, जब उन्होंने चार पेज का एक सीन पढ़ने के बाद बिना किसी रुकावट के एक टेक में वह सीन किया था और कमाल का सीन किया था। डेविड ने कहा कि वह सीन के दौरान गोविंदा के टैलेंट और एक्रोबेटिक्स से हैरान रह गए थे। वह बोले, ‘आप यकीन नहीं करेंगे। वो आता था और अपना सीन पूछता था। वो चार पन्नों का सीन होता था। मैं शॉट सेट कर रहा होता तो वह उसे अच्छे से पढ़ रहा होता था। फिर बोलता था कि अभी सेट मत करो। बस एक काम करो, ये सीन देखो। मुझे परफॉर्म करते देखो। मैं एक ही टेक में कर दूंगा।’

गोविंदा की डेविड धवन संग क्यों बिगड़ी बात? बताई थी ये वजह

वहीं, गोविंदा ने साल 2019 में ‘पीटीआई’ को दिए इंटरव्यू में बताया था कि ‘पार्टनर’ के वक्त सुलह होने के बाद भी उनके और डेविड धवन के बीच क्यों दरार आई थी। गोविंदा ने बताया था कि डेविड धवन’चश्मे बद्दूर’ नाम की एक फिल्म बना रहे थे। उसकी कहानी उन्होंने ही डेविड धवन को सुनाई थी। गोविंदा को लगा कि डेविड उनके साथ फिल्म बनाएंगे, पर उन्होंने वह किसी और के साथ बना ली। गोविंदा को जब इस बारे में पता चला, तो उन्होंने डेविड धवन से बात की। उन्हें झटका लगा था। गोविंदा ने डेविड धवन को फोन करके बोला कि हमें एक और फिल्म साथ करनी चाहिए। इस पर डेविड धवन ने बाद में भी गोविंदा को फोन नहीं किया। बस यही बात गोविंदा को बुरी लगी और उन्होंने डेविड धवन के साथ कभी भी काम न करने का फैसला कर लिया।

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *