March 16, 2026
#Chhattisgarh

बालोद में शराब पार्टी के बाद विधवा से गैंगरेप, पंचायत का फैसला- आरोपी पीड़िता को 40-40 हजार दें, दो गिरफ्तार, एक फरार

Balod News: पीड़िता ने गैंगरेप की जानकारी गांव के लोगों को बताई लेकिन पंचायत ने मामले को दबाने की कोशिश की। जिसके बाद पीड़िता ने थाने में शिकायत दर्ज कराई।

बालोद: छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में रेप का मामला सामने आया है। शराब के नशे में तीन दोस्तों ने एक विधवा महिला के साथ रेप किया। गांव की पंचायत में जब पीड़ित महिला को न्याय नहीं मिला तो उसने थाने में शिकायत दर्ज कराई। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है जबकि एक आरोपी अभी भी फरार है।

पंचायत ने मामले को दबाया

पीड़िता ने बताया कि तीनों युवक शराब पीकर लौट रहे थे। इसके बाद तीनों ने गैंगरेप किया। पीड़िता ने घटना की शिकायत गांव के लोगों से की। जिसके बाद गांव में पंचायत बुलाई गई। पंचायत ने आरोपियों पर 40-40 हजार रुपये का दंड लगाया और मामले को दबा दिया। पंचायत में जब महिला को न्याय नहीं मिला तो उसने तीनों युवकों के खिलाफ केस दर्ज कराया।

आरोपियों ने की थी शराब पार्टी

जानकारी के अनुसार, मामला 22 फरवरी की रात का है। आरोपी रोशन कुमार के घर में शराब पार्टी बुलाई गई थी। इस पार्टी में कई लोग शामिल थे। पार्टी के बाद रोशन का दोस्त विकास वापस लौट रहा था इसी दौरान उसे एक विधवा महिला दिखाई दी। इसके बाद उसने अपने साथी कमल और रोशन को फोनकर बुलाया।

जबरन उठाकर ले गए

उसके बाद महिला को जबरन उठाकर सुनसान जगह पर ले गए। इसके बाद तीनों आरोपियों ने महिला के साथ दुष्कर्म किया। इसके अगले दिन महिला ने पूरे मामले की जानकारी गांव के लोगों को दी। जिसके बाद पंचायत बुलाई गई और पंचायत ने तीनों आरोपियों पर 40-40 हजार रुपये का दंड लगाया और पैसे पीड़िता को देने को कहा।

दो आरोपी गिरफ्तार, एक की तलाश

पीड़िता ने आरोपियों ने कुल 35 हजार रुपये दिए। उसके बाद भी पीड़िता न्याय की मांग कर रही थी लेकिन गांव के लोग इस पूरे मामले को दबाते रहे। इसके बाद महिला थाने पहुंची और आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कराया। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए शनिवार को विकास और कमल को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है वहीं एक आरोपी की तलाश जारी है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस मामले की जांच के लिए पुलिस अधीक्षक योगेश पटेल के निर्देश पर थाना प्रभारी निरीक्षक शिशुपाल सिन्हा के नेतृत्व में टीम गठित की गई थी।

Leave a comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *